सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित 119 साल पुरानी मस्जिद को गिराए जाने के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। समाजवादी पार्टी ने प्रकरण की जानकारी जुटाने के लिए 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया है, जो 6 सितंबर को सहारनपुर पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल में मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक समेत कई वरिष्ठ सपा नेता शामिल हैं।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से 5 सितंबर को जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर पहुंचकर मंडलायुक्त से मुलाकात करेगा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेगा। इसके बाद पार्टी प्रदेश कार्यालय को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
पार्टी के मुताबिक, कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित करीब 119 साल पुरानी मस्जिद को 5 सितंबर की सुबह बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। सपा ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और पूरी जानकारी जुटाने का निर्णय लिया है।
प्रतिनिधिमंडल में लाल बिहारी यादव, चौधरी अब्दुल वाहिद, हाजी नवाब अंसारी, सांसद हरेंद्र मलिक, सांसद इकरा हसन, चौधरी रूद्रसेन, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, अतुल प्रधान, आशु मलिक, उमर अली, रामऔतार सैनी, किरन पाल कश्यप, माविया अली, राहुल भारती, मांगेराम कश्यप और जिया चौधरी शामिल हैं।









