मेरठ। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में इस बार सेवा, स्वच्छता और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। कांवड़ मार्ग पर लगे शिविरों में शिवभक्तों के लिए विवाह समारोह जैसे भव्य सात्विक भोजन की व्यवस्था की गई है। बिना प्याज-लहसुन के देसी व्यंजनों के साथ पास्ता, पिज्जा, नूडल्स, मोमोज और मंचूरियन जैसे आधुनिक व्यंजन भी श्रद्धालुओं को परोसे जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप प्रशासन भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर लगातार नजर बनाए हुए है। कई शिविरों में ऑटोमैटिक रोटी मशीन और आटा गूंधने वाली मशीनों की मदद से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जा रहा है।
व्रत रखने वाले कांवड़ियों के लिए अलग से फलाहार और केसर युक्त दूध की व्यवस्था की गई है। वहीं कई शिविरों को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाकर स्टील के बर्तनों में भोजन परोसा जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है।
शिविर संचालकों का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल भोजन कराना नहीं, बल्कि शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षित, सुखद और यादगार बनाना है। प्रशासनिक टीमें समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं, जबकि सैकड़ों स्वयंसेवक दिन-रात सेवा में जुटे हुए हैं।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









