मुजफ्फरनगर, 2 अक्टूबर 2026 – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की।
जिलाधिकारी सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम’ भजन के साथ दोनों महापुरुषों को याद किया गया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने अपने जीवन और कर्मों से जो आदर्श स्थापित किए, उन्हें आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वदेशी और अंतिम व्यक्ति के कल्याण के विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से समझते हुए नियमों और प्रक्रियाओं को सरल बनाने की भावना से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धा होगी।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांतों को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी जनसेवा के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, त्याग और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने की बात कही।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने भी दोनों महापुरुषों के जीवन और आदर्शों को याद करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों से बिना भेदभाव अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, कलेक्ट्रेट प्रशासनिक अधिकारी, नाजिर सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष कुमार शर्मा ने किया।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









