मुजफ्फरनगर। जनपद की बुढाना पुलिस ने जाली करेंसी के लेन-देन करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1 लाख की नकली करेंसी, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस सराहनीय कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस टीम को ₹15,000 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर बुढाना पुलिस ने खतौली रोड स्थित बसी गेट पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार तीनों युवक भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सालिम पुत्र हाफिज इमरान, माजिद पुत्र फारुख (दोनों निवासी ग्राम कैली, थाना दौराला, मेरठ) तथा जिशान पुत्र गुलजार (निवासी ग्राम जौला, थाना बुढाना, मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथियों साहिल और शाहनवाज के माध्यम से बेंगलुरु निवासी माइकल फर्नाडीज से कुरियर के जरिए नकली नोट मंगवाते थे। ₹30 हजार में ₹1 लाख की नकली करेंसी खरीदकर उसे बाजार में चलाते थे और मुनाफा कमाते थे। नकली नोट फर्जी नाम-पते पर कुरियर से मंगाए जाते थे तथा भुगतान क्यूआर कोड के माध्यम से किया जाता था।
बरामदगी में शामिल हैं:
– ₹500 के 200 नकली नोट (कुल कीमत ₹1 लाख)
– वैगनआर कार (UP 17 BT 7239)
– 3 मोबाइल फोन
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना बुढाना में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









