मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का वेश धारण कर मोबाइल और सामान चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को तेज तर्रार खालापार थाना प्रभारी बबलू कुमार वर्मा और उनकी पुलिस टीम ने महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर दो चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, एक बैग, आधार कार्ड, पैन कार्ड की प्रति, 700 रुपये नकद, बड़ा जैक, डिश/केबल का तार और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे हापुड़ निवासी श्रद्धालु नरेंद्र उर्फ छोटू का बैग मीनाक्षी चौक स्थित जूस की दुकान से चोरी हो गया था। बैग में मोबाइल फोन, पहचान पत्र और नकदी रखी हुई थी। इसी दिन खालापार क्षेत्र में एक घर से बड़ा जैक और केबल तार चोरी होने की भी शिकायत दर्ज हुई थी।….

मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर शामली बाईपास रोड स्थित वहलना पुल अंडरपास से बिलाल उर्फ नजाकत (निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर) और असगर (निवासी मेरठ) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कांवड़ियों का वेश धारण कर श्रद्धालु का बैग चोरी किया, जिसमें 8 मोबाइल फोन और नकदी थी। इसके बाद उन्होंने एक अन्य घर में चोरी कर बड़ा जैक और केबल तार भी चुराया। पुलिस ने चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपियों का पहले से भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









