मुजफ्फरनगर, 29 जुलाई 2026। विश्व ओआरएस दिवस के अवसर पर पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में डायरिया से होने वाली बीमारी एवं मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से संचालित “डायरिया से डर नहीं” अभियान के तहत जिला स्वास्थ्य समिति, मुजफ्फरनगर द्वारा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के मार्गदर्शन में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा की अध्यक्षता तथा पीएसआई इंडिया एवं केन्यू के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. दिव्या वर्मा ने कहा कि विश्व ओआरएस दिवस वर्ष 2001 से मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य डिहाइड्रेशन से होने वाली मौतों में कमी लाना और लोगों को ओआरएस के महत्व के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि दस्त होने पर समय पर ओआरएस और जिंक का सेवन बच्चों के जीवन की रक्षा करने में अत्यंत प्रभावी साबित होता है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अश्वनी ने बताया कि भारतीय बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. दिलीप महालानबीस को “फादर ऑफ ओआरएस” कहा जाता है। उन्होंने ओआरएस घोल तैयार करने और उसके सही उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान हैजा और दस्त से पीड़ित लोगों की जान बचाने में ओआरएस की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि डायरिया से बचाव के लिए आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं का नियमित प्रशिक्षण आवश्यक है, ताकि वे समुदाय में प्रभावी जागरूकता फैलाकर बच्चों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने स्टॉप डायरिया अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, साबुन से हाथ धोने की आदत और समय पर उपचार अपनाकर डायरिया की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सकती है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, नगर पालिका एवं पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर नगर पालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं के बीच डायरिया से बचाव, स्वच्छता, हाथ धोने की सही आदत तथा ओआरएस एवं जिंक के महत्व पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और डायरिया होने पर तुरंत उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









