Evening News Brief: फर्जी खबरों पर पीएम मोदी का बड़ा बयान, दिल्ली में यमुना के जहरीले झागों पर राजनीती तेज
Evening News Brief: फर्जी खबरों पर पीएम मोदी का बड़ा बयान, दिल्ली में यमुना के जहरीले झागों पर राजनीती तेज

Evening News Brief: फर्जी खबरों पर पीएम मोदी का बड़ा बयान, दिल्ली में यमुना के जहरीले झागों पर राजनीती तेज
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि कोई एक फर्जी खबर भी बढ़कर राष्ट्रीय चिंता का विषय बनने की क्षमता रखती है, लिहाजा उन पर लगाम कसने के लिए देश को उन्नत तकनीक पर जोर देना होगा। इसके अलावा दिल्ली में यमुना नदी में जहरीले झाग को लेकर जमकर राजनीति हो रही है। भाजपा आम आदमी पार्टी और केजरीवाल सरकार के खिलाफ जबरदस्त तरीके से हमलावर है।
कानून एवं व्यवस्था बनाए रखना प्रत्येक राज्य की जिम्मेदारी: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आंतरिक सुरक्षा के लिए सभी राज्यों से एक साथ मिलकर काम करने पर जोर देते हुए शुक्रवार को कहा कि कानून एवं व्यवस्था का सीधा संबंध विकास से है, अत: शांति बनाए रखना हर किसी की जिम्मेदारी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से यहां सभी राज्यों के गृह मंत्रियों के लिए आयोजित दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक राज्य को एक-दूसरे से सीखना चाहिए, प्रेरणा लेनी चाहिए और आंतरिक सुरक्षा के लिए एक साथ मिलकर काम करना चाहिए।
फर्जी खबरें राष्ट्रीय चिंता का विषय: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि कोई एक फर्जी खबर भी बढ़कर राष्ट्रीय चिंता का विषय बनने की क्षमता रखती है, लिहाजा उन पर लगाम कसने के लिए देश को उन्नत तकनीक पर जोर देना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी को आगे भेजने से पहले 10 बार सोचना चाहिए और इस पर विश्वास करने से पहले इसे सत्यापित करना अत्यंत आवश्यक है।
26/11 हमले के मुख्य साजिशकर्ता अब भी सुरक्षित हैं: जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य साजिशकर्ता और योजनाकार अब भी सुरक्षित हैं और उन्हें सजा नहीं दी गयी है। ‘‘आतंकवादी उद्देश्यों के लिए नयी और उभरती प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल का मुकाबला’’ विषय पर यहां आयोजित एक विशेष बैठक में उन्होंने कहा कि जब कुछ आतंकवादियों पर प्रतिबंध लगाने की बात आती है तो कुछ मामलों में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ‘‘राजनीतिक कारणों से, खेदजनक रूप से’’ कार्रवाई करने में असमर्थ रही है।
‘रेवड़ी’ जैसा विषय जनता के विवेक पर छोड़ना चाहिए: कांग्रेस
कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि निर्वाचन आयोग ‘रेवड़ी’ (मुफ्त चुनावी उपहार) जैसे विषयों को विनियमित करने का अधिकारक्षेत्र नहीं रखता है और ऐसे में उसे निर्वाचन कानूनों का उचित क्रियान्वयन करके स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए। निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों के समक्ष आदर्श चुनाव संहिता में संशोधन का एक प्रस्ताव गत चार अक्टूबर को रखा था।
राजनाथ ने बुनियादी ढांचों की 75 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण लद्दाख, जम्मू कश्मीर, अरूणाचल प्रदेश और सिक्किम में 2,180 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल, सड़क और हेलीपैड सहित बुनियादी ढांचे की 75 परियोजनाएं शुक्रवार को राष्ट्र को समर्पित की। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने देश की सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए सुदूर इलाकों की प्रगति सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। सिंह ने इस बात का जिक्र किया कि सशस्त्र बलों की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी ढांचे का विकास मुख्य कारण था जिसने उत्तरी सेक्टर में हालिया स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने में भारत की मदद की।
चिराग राजग के सहयोगी हैं, भाजपा के लिए प्रचार करेंगे
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि चिराग पासवान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी हैं और राज्य के मोकामा एवं गोपालगंज विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। भाजपा नेता ने कहा कि हम उन सभी दलों को राजग का सहयोगी मानते हैं, जिन्होंने हमारे साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा है और राष्ट्रपति चुनाव में हमारा समर्थन किया है।
दिल्ली में भाजपा बनाम आप
दिल्ली में यमुना नदी में जहरीले झाग को लेकर जमकर राजनीति हो रही है। भाजपा आम आदमी पार्टी और केजरीवाल सरकार के खिलाफ जबरदस्त तरीके से हमलावर है। यमुना नदी में जहरीले झाग साफ तौर पर करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, दिल्ली जल बोर्ड की ओर से उन झागों को खत्म करने के लिए कई कोशिशें भी की जा रही है। हालांकि, इसी पर भाजपा सांसद परवेश वर्मा ने सवाल उठाया था। भाजपा सांसद ने रसायनों को पानी में नहीं ठालने के लिए अधिकारियों से कहा। इस दौरान अधिकारियों से उनकी तीखी बहस हुई। इसके बाद से आम आदमी पार्टी भाजपा सांसद पर जबरदस्त तरीके से हमलावर है।
पुतिन ने भारत के साथ रिश्तों को खास बताया
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि उनके देश के भारत के साथ रिश्ते खास हैं और दोनों राष्ट्रों ने सदैव एक-दूसरे का समर्थन किया है व भविष्य में भी यह जारी रहेगा। उन्होंने राष्ट्र हित में ‘‘स्वतंत्र विदेश नीति’’ पर चलने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी प्रशंसा की है। पुतिन ने कहा कि प्रधानंत्री मोदी दुनिया के उन व्यक्तियों में से हैं जो अपने देश और लोगों के हित में स्वतंत्र विदेश नीति पर काम कर रहे हैं, कोई उन्हें रोकने की कोशिश नहीं कर रहा।