संसदीय दल की बैठक के बाद जेपी नड्डा का ऐलान, द्रौपदी मुर्मू होंगी NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार
संसदीय दल की बैठक के बाद जेपी नड्डा का ऐलान, द्रौपदी मुर्मू होंगी NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार

भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रपति उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू एनडीए की ओर से राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुई अहम बैठक के बाद इस नाम का ऐलान किया गया। जेपी नड्डा ने बताया कि 20 नामों पर हमने चर्चा की है जिसमें से एक नाम निकल कर सामने आया है। इस ऐलान के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि आज की संसदीय बोर्ड की बैठक में हम सभी लोग इस मत पर आए कि भाजपा और NDA अपने सभी घटक दलों के साथ बातचीत करते हुए हम राष्ट्रपति के लिए अपना प्रत्यासी घोषित करें। NDA की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को घोषित किया गया है।
द्रौपदी मुर्मू ओडिसा सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। वह आदिवासी समुदाय से आती हैं। वे पहली महिला आदिवासी राज्यपाल रही हैं। इसके अलावा उन्हें झारखंड की पहली महिला राज्यपाल होने का भी गौरव हासिल है। आपको बता दें कि आज ही विपक्ष की ओर से भी राष्ट्रपति उम्मीदवार की घोषणा कर दी गई है। विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति में अपना उम्मीदवार बनाया है।