रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में दीक्षांत परेड 2025-26 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन
रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में दीक्षांत परेड 2025-26 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन

दिनांक 26 अप्रैल 2026 को आरटीसी, रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कठोर एवं सुनियोजित प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत रिक्रूट आरक्षियों ने शानदार, समन्वित एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन कर उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गाजियाबाद राजकरन नय्यर (आई.पी.एस.) रहे, जिनके आगमन पर परेड की टोलियों द्वारा प्रभावशाली सलामी प्रस्तुत की गई।
समारोह की प्रमुख झलकियां-
प्रातः 08:00 बजे परेड का संचालन प्रथम कमांडर सोनू चेतिवाल, द्वितीय कमांडर अंकित कुमार तथा तृतीय कमांडर जयवीर सिंह द्वारा किया गया , जिसके साथ ही समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ। तत्पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के आगमन पर उनका विधिवत अभिवादन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा टोलियों की सटीकता, अनुशासन एवं तालमेल की सराहना करते हुए परेड का मान प्रणाम ग्रहण किय गया
मुख्यमंत्री का सजीव संबोधन-
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के प्रेरणादायी उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित, संवेदनशील, उत्तरदायी एवं अपराध के प्रति दृढ़ता से कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि का प्रेरक संबोधन-
मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि “पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च दायित्व है।” उन्होंने नवनियुक्त आरक्षियों को ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सदैव तत्पर रहने हेतु प्रेरित किया।
उत्कृष्ट रिक्रूट आरक्षियों का सम्मान-
प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य रिक्रूट्स को भी उत्कृष्टता हेतु प्रेरणा मिली।

पद एवं गोपनीयता की शपथ-
समारोह के अंतिम चरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश की एकता एवं अखंडता, संविधान के प्रति निष्ठा तथा जनसुरक्षा हेतु पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के पश्चात टोलियों ने अनुशासित एवं गौरवपूर्ण ढंग से प्रस्थान किया।
समापन एवं आभार-
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के0मिश्रा, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण, रिक्रूट आरक्षियों के परिवारीजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
*MEDIA CELL, MUZAFFARNAGAR POLICE*
