[aioseo_breadcrumbs]

### विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा मुजफ्फरनगर प्रशासन, DM और SSP ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश; संवेदनशील मतदान केंद्रों और उपद्रवियों पर रहेगी नजर

Share This Article

मुजफ्फरनगर, 18 नवंबर 2026 – आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने रिजर्व पुलिस लाइन में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों और चुनाव सेल के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ सहित सभी थाना प्रभारी, चुनाव सेल के प्रभारी एवं पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

 

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत वल्नरेबिलिटी मैपिंग की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने ऐसे गांवों, मोहल्लों और मतदाता समूहों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां किसी व्यक्ति या समूह द्वारा मतदाताओं को डराने, धमकाने, दबाव बनाने अथवा प्रलोभन देकर मतदान प्रभावित करने की आशंका हो। थाना प्रभारियों को पिछले चुनावों की घटनाओं, आपसी रंजिश, विवादों और स्थानीय परिस्थितियों का विश्लेषण कर संवेदनशील एवं वल्नरेबल क्षेत्रों की पहचान करने तथा सूचनाओं को लगातार अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।

 

**असामाजिक तत्वों और हिस्ट्रीशीटरों पर रहेगी नजर**

 

निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटरों, सक्रिय अपराधियों और पूर्व चुनावों में गड़बड़ी करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक एवं कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने नियमित गश्त, क्षेत्र भ्रमण और स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया।

 

**संवेदनशील मतदान केंद्रों की होगी समीक्षा**

 

बैठक में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करने, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन कर कमियों को समय रहते दूर कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लाइसेंसी शस्त्रों का सत्यापन एवं नियमानुसार जमा कराने, गैर-जमानती वारंटों की तामील तथा अवैध शराब, मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।

 

**अफवाह और माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई**

 

एसएसपी सूरज कुमार राय ने सभी थाना प्रभारियों को आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। चुनाव से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान करने और चुनाव सेल के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

 

अंत में जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन के दौरान प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

 

हिंदुस्तान लाइव टुडे

डिजिटल न्यूज़ चैनल

अमरदीप

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This