
अलीगढ़ – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अलीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह के पौत्र और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह तथा उनके भाई सौरभ सिंह के तिलक एवं सगाई समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दोनों भाइयों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 3:45 बजे हेलीकॉप्टर से अलीगढ़ पहुंचे और रामघाट रोड स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी लोग दोनों भाइयों को आशीर्वाद दें, ताकि उनका जीवन खुशहाल और उज्ज्वल बने। बांके बिहारी का आशीर्वाद उनके साथ रहे और उनके दादा स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ का आशीर्वाद भी सदैव दोनों भाइयों पर बना रहे।
मुख्यमंत्री की बात पर गूंजे ठहाके
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने चिरपरिचित हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू ने अपनी पत्नी के दबाव में आप सभी को निमंत्रण दिया है। आप सभी के आने से हम लोगों को भी इस दावत में शामिल होने का अवसर मिल गया। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर मंच और समारोह स्थल पर मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।
उन्होंने कहा कि संदीप सिंह सरकार में मंत्री हैं और वह उन्हें इस आयोजन के लिए पहले ही आमंत्रित कर चुके थे।
बाबूजी के परिवार के प्रति लोगों के स्नेह की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लगा था कि शाम तक कार्यक्रम में लोगों की संख्या कम हो जाएगी, लेकिन यहां लगातार लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। यह स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ के परिवार के प्रति लोगों के स्नेह और आत्मीयता को दर्शाता है। उन्होंने समारोह में पहुंचे सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
जय श्रीराम के उद्घोष से किया अभिवादन
मुख्यमंत्री शाम करीब 4:17 बजे मंच पर पहुंचे। उन्होंने ‘जय श्रीराम’ और ‘नमो पार्वती पतये, हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ उपस्थित लोगों का अभिवादन किया। करीब छह मिनट तक संबोधन करते हुए दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, दयाशंकर सिंह, पूर्व सांसद राजवीर सिंह, विधायक अनिल पाराशर, राजकुमार सहयोगी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री करीब 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना हो गए।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

