
### मुजफ्फरनगर: मंसूरपुर पुलिस ने नकबजनी की दो घटनाओं का किया खुलासा, पांच शातिर चोर गिरफ्तार
बंद मकानों को बनाया था निशाना, 66,300 रुपये नकद, लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और दो अवैध तमंचे बरामद
मुजफ्फरनगर। थाना मंसूरपुर पुलिस ने नकबजनी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 66,300 रुपये नकद, लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, दो अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को ग्राम जड़ौदा निवासी राधेश्याम और 9 नवंबर को इसी गांव के सनीश के बंद मकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।
12/13 नवंबर की रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जड़ौदा से वेरी वाले रास्ते पर सुलेमान की ट्यूबवेल के सामने चेकिंग के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में जीशान, विशु उर्फ पाली, चांद, रवि और गौरव शामिल हैं। सभी ग्राम जड़ौदा के निवासी हैं।
यह सामान हुआ बरामद
* 66,300 रुपये नकद।
* छह जोड़ी पाजेब।
* सोने जैसी पीली धातु के मंगलसूत्र, अंगूठियां, चेन, कुंडल, बाली और अन्य आभूषण।
* चांदी जैसी सफेद धातु के बिछुए, कड़े, चैन, अंगूठियां, ढोलना और अन्य आभूषण।
* दो अवैध तमंचे .315 बोर और चार जिंदा कारतूस।
पुलिस के मुताबिक, जीशान और विशु उर्फ पाली के खिलाफ पहले भी आयुध अधिनियम सहित संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।
कार्रवाई एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ खतौली रूपाली राव चौधरी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में की गई। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

