
मुजफ्फरनगर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं उनकी पेशी में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गोष्ठी में एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, नियमित पैदल गश्त एवं रात्रि गश्त करने तथा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर दिया।
एसएसपी ने अधिकारियों और पेशी में तैनात पुलिसकर्मियों को कार्यालय संबंधी कार्यों, महत्वपूर्ण पत्राचार और सूचनाओं का समय से आदान-प्रदान करने तथा थानों एवं कार्यालयों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ, एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे |
डिजिटल न्यूज़ चैनल |
अमरदीप

