
लखनऊ, 10 नवंबर – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेला की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी यूपी का मिनी कुंभ कहलाने वाला गढ़मुक्तेश्वर मेला श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनेगा।
17 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले में करीब 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व होगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात, पेयजल, चिकित्सा और स्वच्छता व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
सुरक्षा के लिए NDRF-SDRF और CCTV से निगरानी
मुख्यमंत्री ने पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात करने के निर्देश दिए। घाटों पर वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे, रेस्क्यू बोट, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। यातायात, पार्किंग और रूट डायवर्जन की भी समुचित योजना बनाने के निर्देश दिए।
प्लास्टिक पर प्रतिबंध, घाटों पर विशेष सफाई
सीएम योगी ने मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गंगा घाटों पर पर्याप्त सफाईकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। स्नान घाटों पर पर्याप्त जल उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
अस्थायी अस्पताल और अतिरिक्त बसों की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को देखते हुए सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस और पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ तैनात करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने को कहा।
रामलीला, रासलीला और लेजर शो से सजेगा मेला
मुख्यमंत्री ने मेले को आस्था और संस्कृति का संगम बनाने के लिए श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला, रामलीला, भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रम, लेजर शो और ड्रोन शो आयोजित कराने के निर्देश दिए। स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने, नशे के विरुद्ध अभियान चलाने तथा सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने को कहा।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

