
एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देश पर क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने बैंकों व वित्तीय संस्थानों का किया निरीक्षण, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी हुई सघन चेकिंग
मुजफ्फरनगर, 10 नवंबर – जनपद में बैंकों और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बैंकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा गार्डों से बातचीत कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता भी जांची गई।
बैंक परिसर के आसपास संदिग्धों की चेकिंग
पुलिस टीमों ने बैंकों के अंदर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की। संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर लोगों से पूछताछ भी की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा गार्डों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि बैंकों और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

