
मुजफ्फरनगर, 9 नवंबर – अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं मुजफ्फरनगर के ग्राम हाशमपुर की बेटी प्रीति पाल ने आज अपने परिजनों के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया और उनकी शानदार खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं
मंत्री कपिल देव ने कहा कि प्रीति पाल ने अपनी प्रतिभा, दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय हैं।
प्रीति पाल ने वर्ष 2024 में पेरिस पैरालंपिक में महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर टी-35 स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह पैरालंपिक की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
वहीं, वर्ष 2026 में जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भी प्रीति पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में दो रजत पदक अपने नाम किए। इस तरह पैरालंपिक और एशियन पैरा गेम्स में उनके नाम कुल चार अंतरराष्ट्रीय पदक दर्ज हैं।
खेल जगत में उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पद पर नियुक्त किया है। 24 मार्च 2026 को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया था।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रीति पाल को बीडीओ के पद पर नियुक्ति मिलना उनकी प्रतिभा और परिश्रम को मिले सम्मान का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि प्रीति पाल की सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

