
मुजफ्फरनगर, 7 नवंबर – जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर मुजफ्फरनगर में प्रशासन ने प्रशिक्षण अभियान तेज कर दिया है। जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद के तहसील एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया। जिले में निर्धारित 14 प्रशिक्षण केंद्रों पर फील्ड ट्रेनर्स ने कार्मिकों को जनगणना से जुड़ी प्रक्रियाओं, जिम्मेदारियों और आवश्यक दिशा-निर्देशों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
14 प्रशिक्षण केंद्रों पर दी गई ट्रेनिंग
जनगणना प्रशिक्षण के लिए तहसील सदर, खतौली, बुढ़ाना और जानसठ के साथ नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर एवं खतौली तथा विभिन्न नगर पंचायतों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्र निर्धारित किए गए थे।
तहसील सदर के कार्मिकों का प्रशिक्षण श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज और एसडी पब्लिक स्कूल, जानसठ रोड पर आयोजित किया गया। तहसील खतौली के लिए मैपल एकेडमी, बुढ़ाना के लिए राखी पब्लिक स्कूल एवं मैपल एकेडमी बुढ़ाना तथा जानसठ तहसील के लिए एंबिएंस एकेडमी और गोल्डन बेल्स पब्लिक स्कूल में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई।
नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के कार्मिकों को माउंट लिट्रा जी स्कूल, लिंक रोड और एसडी पब्लिक स्कूल, भोपा रोड पर प्रशिक्षण दिया गया। वहीं नगर पालिका परिषद खतौली के लिए सेंट थॉमस स्कूल को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया। नगर पंचायतों के लिए भी निर्धारित विद्यालयों एवं कार्यालय परिसरों में प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
एडीएम ने दिए लापरवाही न बरतने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता सही आंकड़ों के संकलन, प्रशिक्षित कार्मिकों और सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रियाओं और अपने दायित्वों की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि केंद्रों पर बैठने की समुचित व्यवस्था, आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। कार्मिकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ प्रशिक्षण की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी समस्या का समय से समाधान किया जाए।
जिला जनगणना अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करें, ताकि क्षेत्र में जनगणना का कार्य शुरू होने पर प्रगणक एवं पर्यवेक्षक पूरी तरह प्रशिक्षित और तैयार रहें।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

