
मुजफ्फरनगर – चरथावल कस्बे में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को दो निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान इंडियन मेडिकेयर और ग्रीन हॉस्पिटल में ओपीडी संचालित नहीं मिली। दोनों अस्पतालों में कोई चिकित्सक मरीजों का उपचार करते हुए भी नहीं पाया गया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान अस्पतालों की व्यवस्थाओं और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जांच की गई।
उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दोनों अस्पताल संचालकों को आवश्यक अभिलेखों के साथ तीन दिन के भीतर सीएमओ कार्यालय में उपस्थित होकर दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने या जांच में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हलचल मची रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वाले अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

