मुजफ्फरनगर, 13 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को मुजफ्फरनगर में भव्य तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। टाउन हॉल से एमएलसी वंदना वर्मा, ब्लॉक प्रमुख चरथावल अक्षय कुंडीर, मीरापुर विधायक प्रतिनिधि अमरपाल तथा मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने वंदे मातरम् गायन के साथ तिरंगा यात्रा को रवाना किया।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधानाचार्य, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा टाउन हॉल से प्रारंभ होकर शिव चौक, अंसारी रोड और मालवीय चौक होते हुए वापस टाउन हॉल पहुंची, जहां वंदे मातरम् गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

एमएलसी वंदना वर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 का आयोजन 9 से 17 अगस्त तक गौरव और उत्साह के साथ किया जा रहा है। इसका उद्देश्य तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभावना को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि अभियान जनपद मुख्यालय के साथ तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव, डीसी एनआरएलएम केएन पांडेय, जिला उप क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, अपर सूचना अधिकारी नरसिंह, जिला युवा अधिकारी अवेक्षा कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार एवं भारत भूषण द्वारा किया गया।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








