मुजफ्फरनगर – श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने पुलिस कर्मियों की उपस्थिति और सतर्कता की जांच करते हुए निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखें, यातायात को सुचारु रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसके बाद एसपी सिटी ने कांवड़ यात्रा के प्रमुख केंद्र शिव चौक पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सतत निगरानी और आपसी समन्वय को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को पूर्ण मुस्तैदी, अनुशासन और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए कहा।
निरीक्षण के उपरांत एसपी सिटी ने कांवड़ मार्ग पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा स्थानीय पुलिस को कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








