मुजफ्फरनगर – 82 यूपी बटालियन एनसीसी मुजफ्फरनगर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण भाल के निर्देशन में रोहाना क्षेत्र स्थित अमृत इंटर कॉलेज, रोहाना मिल में एनसीसी जूनियर डिवीजन प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के लिए चयन परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा में कक्षा 8 एवं 9 के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एनसीसी में प्रवेश के लिए अपनी शारीरिक क्षमता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया का संचालन सहायक लिपिक के.के. शर्मा, सूबेदार मेजर संकल्प, हवलदार सुरेंद्र सिंह, जसवीर सिंह, गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर कोमल मीणा तथा एएनओ जूनियर डिवीजन वीरपाल सिंह ने कराया।

विद्यालय में प्रत्येक वर्ष दो वर्षीय प्रशिक्षण के लिए 50 कैडेटों का चयन किया जाता है। चयन शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा के आधार पर होता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कैडेटों की ‘ए’ सर्टिफिकेट परीक्षा आयोजित की जाती है। सफल अभ्यर्थियों को प्रदान किया जाने वाला ‘ए’ सर्टिफिकेट भविष्य की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में अतिरिक्त अंक एवं लाभ दिलाने में सहायक होता है।






