मुजफ्फरनगर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मंगलवार को कैंप कार्यालय परिसर स्थित सर्विलांस सेल के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के बाद आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवनिर्मित कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे, एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी विकास चौधरी सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एसएसपी ने बताया कि अपराध नियंत्रण, अपराधियों की प्रभावी निगरानी और तकनीकी अनुसंधान को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सर्विलांस सेल का आधुनिकीकरण किया गया है। कार्यालय में नए कंप्यूटर सिस्टम, आधुनिक फर्नीचर, बेहतर विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, सुव्यवस्थित कार्यस्थल और आकर्षक आंतरिक साज-सज्जा जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी में तकनीकी संसाधनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह सर्विलांस सेल पुलिस की तकनीकी क्षमता को और सशक्त बनाएगा तथा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में तेजी लाने में अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों को उपलब्ध संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक और प्रभावी उपयोग करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने के निर्देश दिए








