भ्रष्टाचार के आरोप में पूर्व मंत्री गिरफ्तार, क्या J&K की जनता के सामने बेनकाब हो गईं महबूबा ?
भ्रष्टाचार के आरोप में पूर्व मंत्री गिरफ्तार, क्या J&K की जनता के सामने बेनकाब हो गईं महबूबा ?

अफगानिस्तान का जिक्र करते हुए महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार की आलोचना की थी जिस पर भाजपा का बयान सामने आया है। कभी पीडीपी के समर्थन से जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने वाली पार्टी भाजपा ने पलटवार किया है और साफ शब्दों में कहा है कि अब जम्मू-कश्मीर के लोग महबूबा पर भरोसा नहीं करते हैं। बात पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री की भी होगी जिन्हें पुलिस ने भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते गिरफ्तार कर लिया। वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को अलीगढ़ ले जाया जाएगा, जहां पर उनका अंतिम संस्कार होगा।
पूर्व मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए प्रदेश के पूर्व मंत्री श्याम प्रसाद मुखर्जी को करीब 10 करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिष्णुपुर से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक जब 2020 में स्थानीय नगर निकाय के अध्यक्ष थे तब ई-निविदा से संबंधित कथित धन गबन और अन्य आरोपों की जांच की गई थी जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। बांकुड़ा के पुलिस अधीक्षक धृतिमान सरकार ने बताया कि 9 करोड़ 91 लाख रुपए की वित्तीय अनियमितता के आरोप की बिष्णुपुर के एसडीपीओ ने जांच की थी। सवालों का संतोषजनक जवाब न देने पर मुखर्जी को गिरफ्तार कर लिया गया।
भाजपा के बिष्णुपुर संगठन जिलाध्यक्ष सुजीत अगस्ती ने दावा किया कि मुखर्जी राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले भगवा दल में शामिल हुए थे, लेकिन वह सक्रिय नहीं हैं।
गंगा तट पर होगा अंतिम संस्कार
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार रहे कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा। राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार की रात सवा नौ बजे लखनऊ स्थित SGPGI में निधन हो गया। कल्याण सिंह पिछले काफी समय से बीमार थे। कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित उनके आवास पर रखा गया है, जहां पर बसपा प्रमुख मायावती समेत अनेक नेताओं ने पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
प्राप्त जानकारी क मुताबिक कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अलीगढ़ ले जाया जाएगा। नरोरा में गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उन्होंने 23 अगस्त को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है।
आपको बता दें कि कल्याण सिंह को जुलाई के माह में कोरोना संक्रमण और कुछ अन्य शिकायतों के बाद लखनई स्थिति SGPGI में भर्ती कराया गया था। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली में रखा गया था।
महबूबा की धमकियों से नहीं डरते कश्मीर के लोग
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को महबूबा मुफ्ती की धमकियों की परवाह नहीं है, जम्मू-कश्मीर के लोग अब उसका समर्थन नहीं करते है। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर जम्मू-कश्मीर की हर पंचायत में तिरंगा फहराया गया। लोग अब उसका समर्थन नहीं करते हैं और वे जानते हैं कि महबूबा ने उनका शोषण कैसे किया। वह जम्मू-कश्मीर के लोगों के सामने बेनकाब हो गई हैं।
दरअसल, महबूबा मुफ्ती ने केंद्र से अफगानिस्तान से सबक लेने के लिए कहा, जहां तालिबान ने सत्ता पर कब्जा कर लिया और अमेरिका को भागने पर मजबूर किया। महबूबा मुफ्ती ने साथ ही सरकार से जम्मू-कश्मीर में बातचीत करने और 2019 में रद्द किए गए विशेष दर्जे को वापस करने का अनुरोध किया।