जितेंद्र सिंह की भाजपा में एंट्री पर रीता बहुगुणा जोशी ने जताई नाराजगी, कहा- आलाकमान से करूंगी बात
जितेंद्र सिंह की भाजपा में एंट्री पर रीता बहुगुणा जोशी ने जताई नाराजगी, कहा- आलाकमान से करूंगी बात

बसपा के बाहुबली नेता जितेंद्र सिंह बबलू भाजपा में शामिल हो गए हैं। अयोध्या के बीकापुर से बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी में शामिल कराया। इस अवसर पर कांग्रेस व बसपा के कुछ और नेता भी शामिल हुए। लेकिन जैसे ही यह खबर भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी को मिली, वह नाराज हो गईं। आरोप है कि 2009 में जितेंद्र सिंह ने ही रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाया था। उस समय रीता बहुगुणा जोशी कांग्रेस में थीं। हालांकि अब वह भाजपा में और जीतेंद्र सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए हैं।
Former BSP MLA Jitendra Singh Babloo has been inducted into BJP. I am stunned because he is the same person who set my house on fire in July 2009 when I was jailed in Moradabad, and was also found as an accused on probe: BJP MP Rita Bahuguna Joshi pic.twitter.com/7yAXdJHGkU
— ANI (@ANI) August 4, 2021
जितेंद्र सिंह के भाजपा में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि मैं हैरान हूं क्योंकि यह वही शख्स है जिसने जुलाई 2009 में मेरा घर जलाया था। उस समय मैं मुरादाबाद जेल में बंद थी। रीता बहुगुणा जोशी ने आगे कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि बबलू ने यह जानकारी पार्टी से छुपाई होगी। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हो यह पता नहीं होगा। मैं प्रदेश के और राष्ट्रीय अध्यक्ष से अनुरोध करूंगा कि इनकी सदस्यता खत्म की जाए क्योंकि उनके खिलाफ गंभीर आरोप है। इसके अलावा उन्होंने मेरा घर भी जलाया था।
आपको बता दें कि जितेंद्र कुमार सिंह अयोध्या के रहने वाले हैं। 15 जुलाई 2009 को रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के मामले में हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान 2011 में बबलू का नाम सामने आया और उन्हें गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। फिलहाल रीता बहुगुणा के विरोध के बाद प्रदेश भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं।