साल का अंतिम चंद्र ग्रहण, कहां-कहां दिखाई देगा यह ग्रहण
साल का अंतिम चंद्र ग्रहण, कहां-कहां दिखाई देगा यह ग्रहण

दीवाली के एक दिन बाद 25 अक्टूबर को सूर्य ग्रहण पड़ा था और अब कुछ दिनों के बाद चंद्र ग्रहण (8 नवंबर 2022) पड़ने वाला है। यह पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा जिसे भारत के कुछ हिस्सों में भी देखा जा सकेगा। अक्सर ऐसा होता है कि चंद्र ग्रहण और सूर्य ग्रहण में काफी दिनों का अंतर होता है लेकिन इस बार दोनों ग्रहण आस पास ही आए हैं। इससे पहले चंद्र ग्रहण 16 मई 2022 को लगा था। इस बार इसी दिन इत्तफ़ाक़ से 8 नवंबर 2022 को कार्तिक माह की पूर्णिमा भी है जिसे देव दीपावली के रूप में मनाया जाएगा। यह शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि के रूप में मनाया जाएगा। ऐसे में ज्योतिष आचार्यों का कहना है कि देव दीपावली और चंद्र ग्रहण का यह शुभ दिन है जिससे कि इस दिन की विशेषता और बढ़ जाती है।
साल का आखिरी होगा यह चंद्र ग्रहण
यह साल का आखिरी चंद्र ग्रहण होगा जो कि 8 नवंबर 2022 को भारत में 5 बजकर 32 मिनट से दिखाई देना शुरू हो जाएगा और शाम 6 बजकर 18 मिनट पर समाप्त होगा। ऐसे में चंद्र ग्रहण का सूतक काल सुबह 9 बजकर 21 मिनट से शुरू होगा और 6 बजकर 18 मिनट पर समाप्त हो जाएगा।
इसे भी पढ़ें: चंद्र ग्रहण 8 नवम्बर को, जानें सूतक काल में क्या करें और क्या ना करें?
कहां-कहां दिखाई देगा ये चंद्र ग्रहण
यह चंद्र ग्रहण मुख्य रूप से उत्तरी-पूर्वी यूरोप, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशान्त महासागर, हिन्द महासागर, उत्तर अमेरिका और दक्षिण अमेरिका के अधिकांश हिस्सों से दर्शनीय होगा। दक्षिणी-पश्चिमी यूरोप और अफ्रीका महाद्वीप से कोई ग्रहण दिखाई नहीं देने की संभावना है।
साथ ही देव दीपावली भी मनाई जाएगी
हिंदू पंचांग की बात की जाए तो प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली मनाई जाती है। वहीं इस बार कार्तिक पूर्णिमा 08 नवंबर 2022 को है। लेकिन कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही साल 2022 का आखिरी चंद्र ग्रहण भी लगने जा रहा है और ग्रहण के दौरान पूजा करना शुभ नहीं माना जाता है। ऐसे में ज्योतिष के जानकारों का मानना है कि इस साल देव दीपावली 07 अक्टूबर को मनाई जाएगी।
इसे भी पढ़ें: 8 नवंबर को मनाई जायेगी कार्तिक पूर्णिमा, राशि के अनुसार करें दान
चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई देगा
बात की जाए चंद्रमा के उगने की तो इसका समय अलग-अलग स्थानों के हिसाब से अलग-अलग बताया जा रहा है। ये ग्रहण चंद्र उदय के साथ ही दिखाई देगा। ग्रहण की शुरुआत भारत में दोपहर से होगी। इसलिए इस समय यहां चंद्रमा दिखाई नहीं देगा लेकिन जैसे-जैसे शाम होगी तो चंद्र उदय के साथ ही ग्रहण भी दिखने लगेगा।
चंद्रग्रहण में जरूर करें ये काम
भारत में किसी भी तरह के ग्रहण को दान पुण्य करने के लिए एक बहुत ही शुभ दिन माना जाता है। तभी लगभग बहुत से लोग इस दिन पूजा,सरोवर में स्नान, दान पुण्य आदि करते हैं। शास्त्रों का मानना है कि ग्रहण के दिन यह सब करने से मनुष्य के सारे दुख और पाप कट जाते हैं। यह भी मानना है कि इस दिन अपने इष्ट देवी देवताओं और मंत्रों का जाप करना चाहिए और यह सब करने के बाद अपने पूरे घर को गंगाजल के छिड़काव से शुद्ध करें। ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति मिलती है।