फॉर्म में लौटे किंग कोहली! 1020 दिन बाद आया शतक, अफगानिस्तान के खिलाफ खेली आक्रामक पारी
फॉर्म में लौटे किंग कोहली! 1020 दिन बाद आया शतक, अफगानिस्तान के खिलाफ खेली आक्रामक पारी

भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ विराट कोहली का बल्ला पिछले कई महीनों से खामोश था। करीब 3 साल बाद उन्होंने आत्मविश्वास के साथ आज अफगानिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी की है। विराट कोहली ने आज अपने इंटरनेशनल करियर का 71 वां शतक जड़ा है। शतक का इंतजार विराट कोहली के प्रशंसकों को काफी पहले से था। भारत आज एशिया कप में अपरा आखिरी मुकाबला खेल रहा है। एशिया कप में विराट कोहली काफी लय में दिखाई दिए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ शतक जड़ने से पहले वह एशिया कप में 2 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। आज के मैच में कप्तान रोहित शर्मा नहीं खेल रहे थे। कप्तानी की भूमिका निभा रहे केएल राहुल के साथ विराट कोहली ओपनिंग करने पहुंचे थे।
इसे भी पढ़ें: एशिया कप 2022: पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद रोती हुई नजर आई अफगान टीम, वीडियो हो रहा वायरल
शुरुआत से ही विराट कोहली काफी आक्रामक नजर आ रहे थे। अफगानिस्तान के गेंदबाजों को विराट में जबरदस्त तरीके से धुनाई की। विराट कोहली ने सिर्फ 61 गेंदों में 122 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। अपनी पारी में विराट कोहली ने 12 चौके और 6 छक्के भी जड़े। विराट कोहली का स्ट्राइक रेट 200 के आसपास रहा। शतकों की बात करें तो विराट कोहली ने अब तक एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय में 43 शतक, टेस्ट क्रिकेट में 27 शतक और T20 क्रिकेट में 1 शतक जड़ा है। यानी कि विराट कोहली ने आज T20 क्रिकेट में अपना पहला शतक जड़ा है। विराट कोहली के बल्ले से करीब 1020 दिन बाद यह शतक आया है। उन्होंने क्रिकेट के किसी फॉर्मेट में अपना आखिरी शतक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 22 नवंबर 2019 को बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता में लगाया था।
इसे भी पढ़ें: आईसीसी टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में मोहम्मद रिजवान ने लगाई लंबी छलांग, सूर्यकुमार यादव और बाबर को हुआ नुकसान
इसके बाद से विराट कोहली ने अब तक के 83 पारियां खेली हैं। लेकिन इन 83 पारियों में उन्होंने एक भी शतक नहीं जड़ा था। विराट कोहली के करियर में इस दौरान कई उतार-चढ़ाव आए। उनके फॉर्म को लेकर तो सवाल उठी रहे थे। उनकी कप्तानी पर भी खतरा आया। विराट कोहली ने पहले तो T20 की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। बाद में एकदिवसीय और टेस्ट क्रिकेट की कप्तानी से भी वह दूर हो गए। अपने करियर के दौरान विराट कोहली ने कई रिकॉर्ड बनाए हैं। कई दिग्गजों को पीछे छोड़ा है। आज 71वें शतक के साथ ही वह ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग की बराबरी पर पहुंच गए हैं। शतकों के मामले में फिलहाल विराट कोहली दूसरे स्थान पर हैं। पहले नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं जिन्होंने 664 मैचों की 783 पारियों में 100 शतक जमाए हैं।