मेरठ – महाराजा अग्रसेन एकता मंच ट्रस्ट (रजि.), कंकरखेड़ा की ओर से 14वां मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह एवं पारिवारिक दीपावली मिलन समारोह 28 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए बुधवार को कंकरखेड़ा बाईपास स्थित एक रेस्टोरेंट में संस्था की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष अमित गुप्ता ने की तथा संचालन महामंत्री विपिन गुप्ता ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से संस्था के उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी डॉ. अंकित गुप्ता को कार्यक्रम संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंकित गुप्ता ने बताया कि समारोह इशिका फार्म हाउस में आयोजित होगा। इसमें वर्ष 2025-26 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में यूपी बोर्ड से 75 प्रतिशत तथा सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड से 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 500 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह का विशेष आकर्षण दो इलेक्ट्रिक स्कूटी होंगी। एक मेधावी छात्र और एक मेधावी छात्रा को लकी ड्रॉ के माध्यम से इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा मार्कशीट के आधार पर चयनित 12 टॉपर विद्यार्थियों को 2,100-2,100 रुपये के चेक देकर सम्मानित किया जाएगा।
संस्था अध्यक्ष अमित गुप्ता ने बताया कि समाज के उत्थान, सेवा और विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 10 विभूतियों को प्रतिष्ठित ‘वैश्य रत्न सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। इनमें आईएएस, आईपीएस अधिकारियों के साथ समाजसेवी, व्यापारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
महामंत्री विपिन गुप्ता ने बताया कि समारोह में मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रमुख व्यापारी नेता और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में करीब 1,500 लोगों के स्वागत एवं भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में कोषाध्यक्ष डॉ. नीरज गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश गुप्ता, उपाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता, अंकित कुमार गर्ग, विनोद सिंघल, अनुज सिंघल, आशीष गर्ग, जतिन गोयल, भरत मित्तल, इशू गर्ग, विपुल गर्ग, अमित गोयल, नितिन गर्ग, गौरव गुप्ता, अमित जिंदल, शुभम गर्ग, विशाल गोयल और सुनील गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप



