मुजफ्फरनगर – जनपद में फर्जी एवं मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों के खिलाफ हिंदू संघर्ष समिति की मुहिम जारी है। समिति के प्रयासों के बाद कई अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन द्वारा कार्रवाई भी की जा चुकी है।
कार्रवाई के बाद कुछ अस्पतालों को दोबारा खुलवाने या राहत दिलाने के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाए जाने की शिकायतों के बीच समिति ने आपात बैठक की। इसके बाद करीब दो दर्जन हिंदू संगठनों के सैकड़ों पदाधिकारी सिसौली पहुंचे और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत से मुलाकात कर पूरे मामले पर चर्चा की।
वार्ता में नरेश टिकैत ने स्पष्ट किया कि फर्जी या नियम-विरुद्ध अस्पतालों के पक्ष में अधिकारियों पर दबाव बनाना अथवा अनैतिक सिफारिश करना भारतीय किसान यूनियन की नीति नहीं है। उन्होंने कहा कि भाकियू का कोई भी पदाधिकारी इस प्रकार की सिफारिश नहीं करेगा।
हिंदू संघर्ष समिति ने इस आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि अभियान किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के स्वास्थ्य और मरीजों के हितों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। समिति ने मांग की कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों पर बिना किसी दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई हो।
प्रतिनिधिमंडल में हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार, साधु अरुण प्रताप सिंह, देशराज चौहान, राजेश शर्मा, पवन मित्तल, पवन पांचाल, विजेंद्र धीमान, वैभव यादव, टीटू गुर्जर, मनोज पाटिल, पंकज ठाकुर, चेयरमैन अनिल चौधरी, अभिषेक गर्ग, बालेंद्र प्रधान, अंकित राजपूत, पुष्पेंद्र मलिक, संदीप धीमान, धर्मेंद्र प्रधान, आनंद पाल प्रधान, मास्टर इंद्रचंद, कुलदीप चौधरी, विकास त्यागी, मोहित राणा, विनीत चौधरी और जितेंद्र सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
समिति ने कहा कि फर्जी अस्पतालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जनहित के इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









