मुजफ्फरनगर। थाना छपार पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने नकली मावा तैयार कर बाजार में सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 कुंतल नकली मावा, मावा बनाने की सामग्री और उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को सूचना मिली थी कि छपार कस्बे में नकली मावा तैयार कर मुजफ्फरनगर की मावा मंडी में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर टिन्कु पुत्र चन्द्रभान निवासी छपार को मौके से गिरफ्तार किया।
मौके से 25 बोरे SMP, 10 टिन वनस्पति घी, 45 खाली टिन, वेजिटेबल फैट, इसबगोल भुस्सी, 30 किलो सेलखड़ी पाउडर, हाइड्रो सहित अन्य सामग्री बरामद हुई। इसके अलावा बॉयलर, दो बड़ी कड़ाही और मिक्सर मशीन भी मिली।
तैयार करीब 10 कुंतल नकली मावे के नमूने लेकर शेष मावा मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कराया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कम लागत में नकली मावा तैयार कर उसे मावा मंडी में एक आढ़ती के माध्यम से बेचा जाता था, जिसे आगे बाजार में ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जाता था।
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 177/2026, धारा 112/123/274/275/318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








