शामली। गोहरनी गांव के किसान आदित्य द्वारा अधिकारियों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर खुद को आग लगाने के मामले में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
भाकियू तोमर ने आरोप लगाया कि भूमि विवाद के मामले में किसान आदित्य को राजस्व और पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था। 17 अगस्त को हुई घटना में आदित्य ने राजस्व व पुलिस टीम की मौजूदगी में खुद को आग लगा ली थी। गंभीर हालत में उसका उपचार दिल्ली में चल रहा है।
किसान संगठन ने कानूनगो, पटवारी और संबंधित दरोगा को तत्काल निलंबित करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भाकियू तोमर ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित किसान और उसके परिवार को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








