मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग राज्यों और स्थानों से चोरी की गई 8 मोटरसाइकिल, एक फर्जी नंबर प्लेट और 4 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मुजफ्फरनगर के अलावा हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और नोएडा से भी बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को सिविल लाइन क्षेत्र के एसडी मार्केट और साईं हॉस्पिटल के पास से दो मोटरसाइकिल चोरी हुई थीं। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया था।
11 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन पुलिस ने संधावली अंडरपास के पास कच्चे रास्ते से दो संदिग्ध युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने छह अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद उर्फ सबलू पुत्र इरशाद कुरैशी निवासी कवाल, थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर तथा आश मौहम्मद उर्फ आशू पुत्र मुंतियाज निवासी छछरौली, थाना ननौता, सहारनपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की कुछ बाइकों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें करीब 8-8 हजार रुपये में बेचने की बात भी आरोपियों ने स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के तीसरे साथी और चोरी की बाइकों के खरीदारों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है और उनके विस्तृत आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी की जा रही है।
बरामदगी:
• 8 चोरी की मोटरसाइकिल
• 1 फर्जी नंबर प्लेट
• 4,000 रुपये नकद
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना सिविल लाइन के उपनिरीक्षक प्रशान्त कुमार गिरी, उधम सिंह, पंकज सागर, लोमेश कुमार सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








