शामली 4 अगस्त 2026 – श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने मंगलवार को शामली में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे (NH-344G), कांवड़ मार्गों और यातायात डायवर्जन व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, पुलिस पिकेट, बैरियर, इमरजेंसी कॉन्टैक्ट प्वाइंट, चिकित्सा एवं अन्य जनसुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।

निरीक्षण के बाद डीआईजी ने निर्देश दिए कि 4/5 अगस्त की रात 12 बजे से लागू होने वाले ट्रैफिक डायवर्जन के दूसरे चरण को पूरी सख्ती से लागू किया जाए। मुख्य कांवड़ मार्ग पर प्रतिबंधित वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोका जाए तथा सभी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित कराया जाए। साथ ही कांवड़ यात्रियों को केवल अधिकृत कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाए।
अधिकारियों ने एक्सप्रेस-वे पर स्थापित इमरजेंसी कॉन्टैक्ट प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरों, गश्ती व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता और बेहतर समन्वय के साथ ड्यूटी करने तथा हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








