मुजफ्फरनगर, 2 अगस्त – कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर ने देर रात्रि मुजफ्फरनगर पहुंचकर कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने शिव चौक, अहिल्याबाई चौक और मदीन चौक तक पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की तथा शिवभक्त कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी। शिव चौक पर उन्होंने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन भी किया।




एडीजी ने पुलिस सहायता केंद्रों, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन कैमरों, पीएसी, होमगार्ड एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद एडीजी ने रामपुर तिराहा अस्थायी थाने का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ यात्रा के समापन तक पूरे कांवड़ मार्ग पर सतत निगरानी, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, सुचारु यातायात व्यवस्था और तकनीकी संसाधनों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








