मुजफ्फरनगर, 2 अगस्त – श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जिले में स्थापित चिकित्सा शिविरों का निरीक्षण करते हुए स्वयं कांवड़ियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने घायलों की प्राथमिक चिकित्सा की, पट्टियां बांधीं और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। सीएमओ को स्वयं सेवा करते देख कांवड़ियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. तेवतिया ने वहलना चौक, नहर पटरी जौली, दाहाखेड़ी तथा नंगला मदौड स्थित चिकित्सा शिविरों का दौरा कर दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, एंबुलेंस और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को 24 घंटे संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।


उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांवड़िया श्रद्धालु को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना, बहादरपुर और सिखेड़ा में आयोजित मेलों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, जांच व्यवस्था और चिकित्सीय सुविधाओं का अवलोकन किया।
सीएमओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक लाभार्थी को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









