मुजफ्फरनगर, 31 जुलाई – उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने रामपुरी क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलनिकासी और जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मेरठ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक की।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों से क्षेत्र की मौजूदा स्थिति, जलनिकासी व्यवस्था, उपलब्ध भूमि और प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्या के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर भूमि का परीक्षण करने तथा जलनिकासी के लिए आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से पूरी कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार कर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव से नागरिकों को होने वाली परेशानी किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है और जनहित के कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरे किए जाएं।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र की सभी जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह, जल निगम के अधिशासी अभियंता अबु जेद, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, उपजिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव, तहसीलदार राधेश्याम गौड़, नायब तहसीलदार हरेंद्र पाल, लेखपाल शाहबुद्दीनपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








