मुजफ्फरनगर, 31 जुलाई – श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने शुक्रवार को शिव चौक एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता और बेहतर समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के बाद एसपी सिटी ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का भी जायजा लिया, जहां पुलिस, प्रशासन एवं अन्य विभागों की 24×7 व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों की कार्यकुशलता और रिस्पांस टाइम की जांच के लिए मदीना चौक पर सफाई व्यवस्था से संबंधित टास्क दिया गया, जिस पर संबंधित टीम लगभग 3 से 3.5 मिनट में मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य में जुट गई। अस्पताल तिराहे पर भी इसी प्रकार का परीक्षण किया गया, जिसमें टीम ने निर्धारित समय के भीतर पहुंचकर कार्य पूरा किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पुलिस, प्रशासन और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित है तथा सभी टीमें पूरी सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
एसपी सिटी ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए स्थापित मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, दवाइयों एवं प्राथमिक उपचार सामग्री की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी श्रद्धालु को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
मुजफ्फरनगर पुलिस एवं जिला प्रशासन ने कहा कि कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








