मुजफ्फरनगर – आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सकुशल, शांतिपूर्ण एवं दुर्घटनामुक्त ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन में जनपद एवं अन्य जनपदों से आए पुलिस बल की ब्रीफिंग की।

इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी पुलिसकर्मी पूर्ण अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। ब्रीफिंग के उपरांत समस्त पुलिस बल को उनके निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों के लिए रवाना किया गया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखा जाए तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अफवाह फैलाने वाले, शरारती तत्वों एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा ड्यूटी के दौरान वायरलेस एवं अन्य संचार माध्यमों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। किसी भी सूचना पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा आपसी समन्वय के साथ कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं निर्विघ्न संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
कांवड़ यात्रा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पूरे जनपद को 09 सुपर जोन, 16 जोन, 89 सेक्टर एवं 141 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए एटीएस टीम, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (BDS), एस-चेक टीम, फ्लड पीएसी एवं पीएसी की तैनाती की गई है। त्वरित निगरानी एवं बेहतर समन्वय के लिए 14 कंट्रोल रूम एवं 03 सब-कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं प्रभावी पुलिसिंग के लिए शिव चौक, रामपुर तिराहा एवं शुक्रताल में 03 अस्थायी थाने स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त कांवड़ यात्रा मार्ग पर 19 अस्थायी पुलिस चौकियां भी संचालित की गई हैं।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर कांवड़ यात्रा का प्रमुख केंद्र है। प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, धैर्य एवं संवेदनशीलता के साथ करे, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम एवं सकारात्मक अनुभव के साथ अपनी यात्रा पूर्ण कर सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








