[aioseo_breadcrumbs]

कांवड़ यात्रा-2026: डीएम-एसएसपी ने सेवा शिविर संचालकों संग की बैठक, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर दिए अहम निर्देश

Share This Article

मुजफ्फरनगर – श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कांवड़ सेवा शिविर संचालकों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। बैठक में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि कांवड़ यात्रा जनपद का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुजफ्फरनगर होकर गुजरते हैं। उन्होंने सभी शिविर संचालकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सेवा शिविर संचालकों की अहम भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी जाए। साथ ही शिविरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन उपकरण, सीसीटीवी कैमरे, स्वयंसेवकों की तैनाती तथा आपातकालीन संपर्क नंबरों का प्रदर्शन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

एसएसपी ने यह भी कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए तथा ऐसी कोई गतिविधि न हो जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो या श्रद्धालुओं को असुविधा हो। शिविर संचालकों से स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का भी आह्वान किया गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं प्रशासन), पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, सिटी मजिस्ट्रेट, सभी क्षेत्राधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा जनपद के कांवड़ सेवा शिविर संचालक मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर संचालकों के सुझाव भी सुने और उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

अंत में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी सेवा शिविर संचालकों से सेवा, अनुशासन और समन्वय की भावना के साथ प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This