मुजफ्फरनगर, 25 जुलाई 2026 – जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की जुलाई-2026 की बैठक Zoom App के माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग (PWD) और एनएचएआई अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर बने अवैध कट तत्काल बंद कराने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात नियमों के प्रभावी प्रवर्तन पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में एआरटीओ को निर्देशित किया गया कि जनपद के किसी भी स्कूल में अनफिट वाहन संचालन न होने पाए। इस संबंध में सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी करने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए सुधार कार्यों की समीक्षा की तथा नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनके त्वरित सुधार के निर्देश एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग को दिए।
इसके अलावा जनपद में संचालित अवैध टैक्सी स्टैंड और बस स्टैंड बंद कराने तथा नए टैक्सी एवं बस स्टैंड के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश नगर पालिका, सदर उपजिलाधिकारी और नगर मजिस्ट्रेट को दिए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को शहर में संचालित सभी ई-रिक्शाओं की नियमित फिटनेस और लाइसेंस जांच करने तथा अवैध रूप से चल रही ई-रिक्शाओं के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








