मुजफ्फरनगर, 25 जुलाई – उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के 9वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे “माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़ा” के अंतर्गत रुड़की रोड स्थित कंबल कारखाना परिसर में माटीकला जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मिट्टी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना, माटीकला उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा नए शिल्पकारों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. वीरपाल सिंह निर्वाल, प्रशासक (अध्यक्ष) जिला पंचायत ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर खटीक मौजूद रहे।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोमप्रकाश ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, निःशुल्क टूल-किट वितरण, कौशल विकास, विपणन विकास सहायता, माइक्रो माटीकला कॉमन फैसिलिटी सेंटर, माटीकला पुरस्कार योजना एवं पंजीकरण योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर माटी शिल्पी अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। वहीं डॉ. वीरपाल सिंह निर्वाल ने अंत्योदय के सिद्धांत पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। सुधीर खटीक ने भी माटी शिल्पियों से अधिक से अधिक संख्या में योजनाओं से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोमप्रकाश ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, माटी शिल्पियों एवं लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, पीएनबी, डूडा के अधिकारी तथा विभागीय कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








