मुजफ्फरनगर, 25 जुलाई – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन किसान प्रहरी’ के तहत थाना भोपा पुलिस ने ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइन चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए ट्रांसफार्मरों का सामान, बिजली के तारों के बंडल, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक एक्टिवा स्कूटी और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से जुड़ा रेहड़ा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर ग्राम सिकंदरपुर के जंगल जाने वाले मार्ग पर दबिश देकर शेर खान उर्फ शेर अली, कुर्बान, जीशान, आसिफ और इस्लाम उर्फ बाला को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका संगठित गिरोह मुजफ्फरनगर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों को क्षतिग्रस्त कर उनमें से तांबे के तार और अन्य पार्ट्स निकालता था तथा 11 केवी और एलटी विद्युत लाइनों के तार चोरी कर बेचता था।
पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ भोपा, ककरौली, रतनपुरी, फुगाना और कोतवाली नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज ट्रांसफार्मर एवं बिजली लाइन चोरी के सात मामलों का सफल खुलासा किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्यों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








