मुजफ्फरनगर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अपराध कार्यालय परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीसीआरबी, अंगुल छाप शाखा, मॉनिटरिंग सेल, क्राइम ब्रांच, थाना साइबर क्राइम तथा एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) का क्रमवार निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के रखरखाव, लंबित प्रकरणों और तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि अपराध संबंधी सूचनाओं का समयबद्ध संकलन एवं विश्लेषण किया जाए, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित हो तथा अपराध नियंत्रण में आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग किया जाए। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए थाना साइबर क्राइम को प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एएचटीयू शाखा को मानव तस्करी से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करने, डीसीआरबी को अपराध संबंधी आंकड़ों का अद्यतन एवं विश्लेषणात्मक संधारण बनाए रखने तथा मॉनिटरिंग सेल को विभिन्न प्रकरणों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं अनुशासन बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








