मुजफ्फरनगर, 23 जुलाई 2026 – जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसौली, सीएचसी गढ़ी नौवाबाद तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बुढ़ीना कलां का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की।
सीएचसी सिसौली में हड्डी रोग विशेषज्ञ होने के नाते डॉ. तेवतिया ने ओपीडी में मरीजों का परीक्षण किया तथा उन्हें आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने तथा शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने सीएचसी गढ़ी नौवाबाद का निरीक्षण कर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के अंतिम चरण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बुढ़ीना कलां पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र पर संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की इस निरीक्षण कार्रवाई का उद्देश्य जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना तथा मरीजों को समयबद्ध एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








