राष्ट्रीय

कांग्रेस में अंतर्विरोध चरम सीमा पर पहुंचा: भाजपा

कांग्रेस में अंतर्विरोध चरम सीमा पर पहुंचा: भाजपा

छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी दल कांग्रेस के संगठन और मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर उस पर निशाना साधते हुए मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह अंतर्विरोध की चरम सीमा है। भाजपा ने दावा किया कि राज्य में कांग्रेस शासन की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा, राज्य में सत्ताधारी दल कांग्रेस में जिस प्रकार का अंतर्विरोध और भारी गुटबाजी सड़कों पर देखने को मिल रही है, यह अंतर्विरोध की चरम सीमा है। उन्होंने कहा, प्रेमसाय सिंह टेकाम का यह बयान कि इस्तीफा दिया नहीं जाता ले लिया जाता है यह बता रहा है कि छत्तीसगढ़ में सरकार के मंत्रियों से इस्तीफा लिया जा रहा है। उन्हें इस्तीफा देने के लिए बाध्य किया जा रहा है।

यह इस बात का संकेत है कि कांग्रेस इस प्रदेश में किन हालात से गुजर रही है। भाजपा नेता ने कहा, कांग्रेस में स्वेच्छाचारिता, हिटलरशाही और एकला चलो की नीति की यह परिणति देखकर हमें लग रहा है कि सत्ताधारी दल में किए गए बदलाव छत्तीसगढ़ विधानसभा के आने वाले चुनाव में सत्ता के परिवर्तन का संकेत है। अब कांग्रेस की विदाई तय है और भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में वापसी सुनिश्चित है। चंदेल ने कहा है, कल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम हिटलरशाही के शिकार हो गए। आज अचानक मंत्रियों से इस्तीफे मांगे गए।न संगठन अध्यक्ष पर भरोसा, न भूपेश बघेल सरकार के मंत्रियों पर भरोसा। यदि भूपेश बघेल के मंत्री निकम्मे हैं तो पौने पांच साल से उन्हें क्या सिर्फ भ्रष्टाचार करने के लिए रखा गया था। उन्होंने कहा कि मंत्रियों के कार्य प्रदर्शन की जिम्मेदारी उनका नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री की है।

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस आलाकमान मौजूदा मंत्रिमंडल को नकारा मान कर इस्तीफे दिलवा रहा है तो सबसे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का इस्तीफा लेना चाहिए। कांग्रेस ने बुधवार को बस्तर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद दीपक बैज को पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई का प्रमुख नियुक्त किया। बैज मरकाम की जगह लेंगे। मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी के कहने पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोषणा की कि मरकाम को उनके मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। कुछ दिनों पहले बघेल मंत्रिमंडल के प्रमुख सदस्य, कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव को छत्तीसगढ़ का उप मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था।

IMG-20250402-WA0032

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!