आपके घर में कोई देश के लिए कुत्ता तक मरा है’, BJP पर हमला करते हुए यह क्या बोल गए खड़गे
आपके घर में कोई देश के लिए कुत्ता तक मरा है', BJP पर हमला करते हुए यह क्या बोल गए खड़गे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज अलवर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपना संबोधन दे रहे थे। इसी दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने कुछ ऐसा बयान दे दिया जिसकी वजह से वह आलोचनाओं का शिकार हो सकते हैं। दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए यह तक कह दिया कि आपके घर में कोई देश के लिए कुत्ता तक मरा है? माना जा रहा है कि भाजपा की ओर से मल्लिकार्जुन खड़गे पर जमकर पलटवार भी किया जाएगा। अब हम आपको बताते हैं क्या कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने बयान में क्या कुछ कहा है। खड़गे ने अपने बयान में कहा कि हमने देश को आज़ादी दिलाई और देश की एकता के लिए इंदिरा और राजीव गांधी ने अपनी जान की क़ुर्बानी दी।
इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारे पार्टी के नेताओं ने अपनी जान दी, आपने क्या किया? आपके घर में कोई देश के लिए कुत्ता तक मरा है? क्या (किसी ने) कोई क़ुर्बानी दी है? नहीं। उन्होंने चीन को लेकर कहा कि हम चीन के आक्रमण पर चर्चा चाहते हैं लेकिन वह (सरकार) चर्चा के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि वह बाहर शेर जैसे बात करते हैं लेकिन असल में वह चूहे की चाल चलते हैं। हम देश के साथ हैं लेकिन सरकार जानकारी छुपा रही है। इससे पहले खड़गे ने ट्वीट कर कहा था कि हमें हमारी भारतीय सैनिकों पर बहुत गर्व है। पूरा देश एकजुट होकर सेना की बहादुरी की प्रशंसा करता है। हम सभी जानते हैं कि अप्रैल 2020 से लगातार चीन हमारे सीमा के अंदर घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा है।
खड़गे ने साफ तौर पर कहा था कि देश की जनता की ओर से हम चीन की घुसपैठ पर संसद में चर्चा चाहते हैं। उन्होंने कहा था कि देश की ओर से हम चाहते हैं कि सारी स्तिथि स्पष्ट हो। भारत की धरती पर क़ब्ज़ा हम किसी को नहीं करने देंगे। पूरा देश इस विषय पर एकजुट है। पर आपको देश को साफ़ – साफ़ बताना पड़ेगा। गलवान में शहीद हमारे जवानों के लिये, सारे तथ्य बताने चाहिए। संसद में चर्चा करिये। दूसरी ओर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए संसद में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि अगर हम चीन के प्रति उदासीन थे तो भारतीय सेना को सीमा पर किसने भेजा। अगर हम चीन के प्रति उदासीन थे तो आज चीन पर डी-एस्केलेशन और डिसइंगेजमेंट के लिए दबाव क्यों बना रहे हैं? हम सार्वजनिक रूप से क्यों कह रहे हैं कि हमारे संबंध सामान्य नहीं हैं?