2 दिनों तक ईंधन के लिए कतार में खड़े रहे क्रिकेटर चमिका करुणारत्ने, बोले- भारत हमारी कर रहा है बहुत मदद, हम बेहतर होते जाएंगे
2 दिनों तक ईंधन के लिए कतार में खड़े रहे क्रिकेटर चमिका करुणारत्ने, बोले- भारत हमारी कर रहा है बहुत मदद, हम बेहतर होते जाएंगे

कोलंबो। श्रीलंका में आर्थिक संकट गहराया हुआ है। रानिल विक्रमसिंघे ने कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ले ली है और कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए एक विशेष कमेटी का भी गठन किया है। इसी बीच श्रीलंकाई क्रिकेटर चमिका करुणारत्ने का बयान सामने आया। जिसमें उन्होंने आर्थिक और राजनीतिक संकट के बीच भारत की जमकर प्रशंसा की।
इसे भी पढ़ें: 22 जुलाई को होगा नए राष्ट्रपति का चुनाव, कौन बनेगा भाग्यविधाता, जानें श्रीलंका संकट की पूरी टाइमलाइन
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, चमिका करुणारत्ने ने कहा कि हमें कोलंबो और अलग-अलग जगहों पर अभ्यास के लिए जाना है क्योंकि क्लब क्रिकेट का मौसम चल रहा है, लेकिन मैं पिछले 2 दिनों से ईंधन के लिए कतार में खड़ा हूं। मैंने इसे 10,000 रुपए में भरवाया जो 2-3 दिनों तक चलेगा।
श्रीलंका की मदद कर रहा भारत
उन्होंने कहा कि भारत एक भाई देश की तरह है और वे हमारी बहुत मदद कर रहे हैं। मैं उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। हमें समस्याएं हैं। हम जानते हैं कि हमें एक बड़ी समस्या है और भारत हमेशा हमारा समर्थन करता है। भारत के साथ हमारा एक समृद्ध इतिहास है। जब हम संघर्ष कर रहे हैं तो वे हमारा समर्थन कर रहे हैं। उसके लिए आपका बहुत – बहुत धन्यवाद। हरचीज के लिए धन्यवाद। हम और बेहतर होते जाएंगे।
श्रीलंका ईंधन और अन्य आवश्यक आपूर्ति की भारी कमी का सामना कर रहा है और बढ़ती महंगाई के साथ अपने सबसे खराब आर्थिक संकट की चपेट में है। तेल आपूर्ति की कमी ने स्कूलों और सरकारी कार्यालयों को अगली सूचना तक बंद करने के लिए मजबूर कर दिया है।
इसे भी पढ़ें: रानिल विक्रमसिंघे ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष समिति की नियुक्त
सबसे अहम तो यह है कि श्रीलंका एशिया कप 2022 की मेजबानी करने वाला है लेकिन संकट की इस घड़ी में सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या टूर्नामेंट अभी भी आयोजित किया जा सकता है।