[aioseo_breadcrumbs]

फेसबुक पर ‘जीजी’ बनकर फंसाया, ट्रेडिंग के नाम पर ₹1.01 करोड़ लूटा! मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक और साइबर ठग दबोचा

Share This Article

मुजफ्फरनगर – सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ₹1,01,02,000 की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ थाना साइबर क्राइम पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम में से ₹27,29,000 फ्रीज कराए गए हैं और पीड़ित के खाते में धनराशि वापस कराने की कार्यवाही जारी है।

फेसबुक पर दोस्ती, फिर निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी

पुलिस के अनुसार, पीड़ित को फेसबुक पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। इसके बाद आरोपी ने खुद को गीतिका कपूर उर्फ ‘जीजी’ बताकर उससे बातचीत शुरू की और विश्वास कायम किया। फिर ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश में अधिक लाभ का लालच देकर उसे DGXC नामक वेबसाइट पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।

आरोपियों ने व्हाट्सऐप ग्रुप और वेबसाइट पर फर्जी मुनाफा दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹1 करोड़ 1 लाख 2 हजार रुपये जमा कराए गए।

पैसे निकालने की बारी आई तो नए बहाने

वेबसाइट पर करोड़ों रुपये का कथित मुनाफा दिखाया गया, लेकिन जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने ‘फाइनल वेरिफिकेशन’, ‘डेटा रिपेयरिंग’ और ‘एंटी मनी लॉन्ड्रिंग प्रोसेस’ जैसे बहाने बनाकर उससे और पैसे जमा कराने का दबाव बनाया।

ठगी का एहसास होने पर मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

सहारनपुर का आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम पुलिस ने मामले में फुजैल उर्फ फैजुल निवासी गंगोह, जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने ठगी की रकम में से ₹27.29 लाख फ्रीज कराए हैं। यह धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराने की प्रक्रिया में है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध सुभाष चंद्र और साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में की गई।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह, उपनिरीक्षक मुबारिक हसन, हेड कांस्टेबल बालकिशन और कांस्टेबल गजेंद्र सिंह शामिल रहे।

हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This