मुजफ्फरनगर। खतौली थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हत्या के मामले का महज 6 घंटे में सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक अतुल का शव और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम भैंसी निवासी कपिल ने अपने भाई अतुल के गायब होने और उसकी हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी थी। मामले में थाना खतौली पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सोनू पुत्र अजयपाल (19 वर्ष) और तालिब पुत्र दिलशाद (22 वर्ष) निवासी भैंसी को नावला-भैंसी रास्ते पर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सोनू ने बताया कि अतुल द्वारा उसके बड़े भाई और छोटी बहन के बारे में कथित रूप से गलत बातें कहे जाने को लेकर उससे रंजिश थी। इसी रंजिश में दोनों ने 29 अगस्त को अतुल को अमरूद खिलाने के बहाने अपने साथ ले जाकर खेत में गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या की पुष्टि करने के लिए सोनू ने चाकू से गर्दन पर वार किया और शव को ईंख के खेत में छिपा दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मृतक का मोबाइल तोड़कर नाले में फेंक दिया था। दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए फरार होने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी:
🔹 हत्या में प्रयुक्त चाकू
🔹 मोटरसाइकिल
🔹 मृतक का शव
मामले में धारा 140(1), 103(1), 238, 3(5) BNS एवं 3(2)(V) SC/ST Act के तहत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








