
मुजफ्फरनगर – जानसठ थाना क्षेत्र में 24 अक्टूबर की रात हुए सड़क हादसे में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की स्टेडियम चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण चाहर की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल दरोगा को उपचार के लिए सीएचसी जानसठ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक अरुण चाहर सरकारी कार्य से जानसठ थाना क्षेत्र में गए थे और वहां से सिविल लाइन लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
हादसे की जांच के लिए विशेष टीम गठित
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विशेष जांच टीम गठित की गई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मुजफ्फरनगर पुलिस परिवार ने दी श्रद्धांजलि
उपनिरीक्षक अरुण चाहर के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक है। मुजफ्फरनगर पुलिस परिवार ने दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

