मुजफ्फरनगर, 8 सितम्बर 2026। जिला रेड क्रॉस सोसायटी की आम सभा विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन डा. अशोक अरोरा ने किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने घोषणा की कि तहसीलदार सदर रेड क्रॉस सोसायटी की चुनाव प्रक्रिया के नोडल अधिकारी होंगे। उन्होंने रेड क्रॉस भवन को आधुनिक बनाने के निर्देश दिए और कहा कि अगली बैठक रेड क्रॉस भवन में ही आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सोसायटी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने और फिजियोथैरेपी सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही राज्य मुख्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार ही निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने की बात कही।
चेयरमैन डा. अशोक अरोरा ने बताया कि सोसायटी के पास ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं तथा राज्य मुख्यालय से मल्टी पर्पज मोबाइल टेस्टिंग लैब मिलने की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जो जल्द जनपद में आएगी।
बैठक में स्कूल-कॉलेजों में मैजिक शो के दौरान रेड क्रॉस के नाम के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठा। इस संबंध में डीआईओएस और बीएसए को निर्देशित करने की बात कही गई। डा. अरोरा ने बताया कि जनपद के सभी स्कूलों में रेड क्रॉस सोसायटी का गठन किया जाना है।
बैठक में पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। आजीवन सदस्यों की सूची अपडेट करने तथा सदस्यों को प्रमाण पत्र और पहचान पत्र उपलब्ध कराने की भी जानकारी दी गई।
बैठक में पूर्व चेयरमैन डा. सुभाषचन्द शर्मा, डा. गीतांजलि वर्मा, नीलकमल पुरी, गौहर सिद्दीकी, पुनीत अग्रवाल और व्यापारी नेता कृष्णगोपाल मित्तल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








